Uncategorized
प्रतापगढ़ में साइकिल से ब्याह रचाने पहुंचे दूल्हा तथा बराती
प्रतापगढ़ में साइकिल से ब्याह रचाने पहुंचे दूल्हा तथा बराती
प्रतापगढ़ –
आजकल विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए सिर्फ दिखावे में लोग सैकड़ों गाडिय़ां का काफिला लाते हैं अब तो लोग लाखों रुपया खर्च कर हेलीकाप्टर से दुल्हन की विदाई भी कराने लगे हैं। ऐसे में प्रतापगढ़ में शुक्रवार रात की एक बरात मिसाल बन गई। लोग अभी तक इसकी चर्चा कर रहे हैं।
इस बरात में दूल्हा के साथ सकी बराती साइकिल से दुल्हन के घर पहुंचे। यहां पर बरातियों को स्वागत में रुद्राक्ष की माला दी गई। यह बरात कुछ अलग थी। दूल्हे समेत सभी बराती और रिश्तेदार साइकिल पर सवार थे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली इस बरात का स्वागत भी पर्यावरण प्रिय अंदाज में किया गया। इस अनोखी शादी और बरात को देखने को दूर दूर से लोग पहुंचे।
मानधाता ब्लाक के दानपुर गांव के वेद प्रकाश तिवारी कांग्रेस के नेता हैं। साथ ही गांव के कोटेदार भी हैं और सामाजिक सरोकार की गतिविधियों में रुचि लेते हैं। इन्होंने अपने बेटे प्रदीप कुमार की शादी घर से तीन किलोमीटर दूर रहने वाले रवींद्र नाथ मिश्र की बेटी मुदिता के साथ तय की। दोनों पक्षों में तैयारियां होने लगीं। इसी बीच ग्रीन शादी की खबर दैनिक जागरण में पढ़ कर वेद प्रकाश की सोच बदल गई। उन्होंने पर्यावरण बचाने का संदेश देने की ठान ली। कन्या पक्ष को सूचित कर दिया दूल्हा समेत सभी बराती वाहन के बजाय साइकिल से आएंगे। हुआ भी ऐसा ही। वह समाज में पर्यावरण बचाने का संदेश देना चाहते थे।