Uncategorized
यूपी उप चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए चिंताजनक, नई रणनीति बनाने की जरूरत: पास
लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान ने कहा कि गोरखपुर व फूलपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा का हारना गंभीर चिंता का विषय है।…
ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और बिहार के उप चुनाव के नतीजे को चिंताजनक बताते हुए लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान ने कहा राजग के लिए नई रणनीति बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर व फूलपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा का हारना गंभीर चिंता का विषय है। दरअसल, उत्तर भारत की राजनीति में जाति कटु सत्य है, जो चुनावों को प्रभावित करती है। यहां समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी एकजुट हो गई। इसके साथ अल्पसंख्यक समुदाय का मिल जाना भाजपा के लिए घातक हो गया।
एक सवाल के जवाब में पासवान ने कहा ‘वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान से सहमत नहीं हैं कि पार्टी अति विश्वास के कारण हार गई।’ लोगों को एकजुट होने का अधिकार है और वे इस उपचुनाव में एकजुट हुए। पासवान ने कहा कि भाजपा ने ‘सबका साथ सबका विकास’ नारा दिया था। उसे इस पर कायम रहना होगा। समाज के हर तबके में उसे विश्वास पैदा करना होगा। भाजपा को सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
एक अन्य सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों में कोई टूट नहीं होगी। इसके विपरीत बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता में बढ़ती घुटन के चलते टूटन होगी। बिहार में चुनावी नतीजे परिणाम बिल्कुल चौंकाने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि अररिया में पिछले लोकसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी डेढ़ लाख वोट से जीता था, लेकिन इस बार सिर्फ 61 हजार से जीता है।