लॉकडाउन के चलते बढ़ा प्रतिक्षण फीस इंडोनेशिया मे फंसा बस्ती का नेशनल प्लेयर

 

बस्ती( रुबल कमलापुरी )। बैडमिंटन के राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम मिश्र इंडोनेशिया में फंसे हैं। जिले के कराहपीठिया के रहने वाले शिवम लॉकडाउन से पहले 15 मार्च को अपने स्वयं के खर्चें पर एक माह की ट्रेनिंग लेने इंडोनेशिया गए थे। 25 मार्च से लगे लॉकडाउन के चलते वहीं फंस गए। शिवम की परेशानी यह है कि अब प्रशिक्षण संस्थान दो माह का शुल्क 2.63 लाख रुपये देने को कह रहा है। इसे चुकाने के बाद ही शिवम की अपने वतन वापसी हो सकेगी। शिवम ने अपनी परेशानी से घरवालों को अवगत कराया। प्रशिक्षण कंपनी के शुल्क मांगने से परेशान पिता कृष्ण कुमार मिश्र ने शासन व प्रशासन से मदद मांगी है। शिवम के पिता कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि उनका बेटा शिवम कुमार मिश्र बाबू बनारसीदास बैडमिंटन एकेडमी लखनऊ में ट्रेनिंग ले रहा है। होनहार शिवम अंडर-19 में अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुका है। 15 मार्च को प्रशिक्षण के लिए इंडोनेशिया गया था। एक माह का प्रशिक्षण पूरा होने से पहले लॉकडाउन लग गया, जिससे टिकट होने के बाद शिवम नहीं लौट सका। उनका कहना है कि इंडोनेशिया की कंपनी अब दो माह का शुल्क मांग रही है, जो प्रतिमाह 1750 डालर है। यानी उसे कुल करीब 2.63 लाख रुपये कंपनी को देने हैं। खेती बारी करने वाले कृष्ण कुमार का कहना है कि इतनी फीस अदा करने में सक्षम नहीं है। ऐसे में उन्होंने शासन व प्रशासन आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
प्रशासन के सहयोग से पहले भी इंडोनेशिया जा चुका है शिवम
नेशनल बैडमिंटन प्लेयर शिवम मिश्र डेढ़ वर्ष पहले भी इंडोनेशिया प्रशिक्षण के लिए जा चुका है। उस समय उसे इंडोनेशिया जाने में जिला प्रशासन ने मदद किया था। पिता के अनुरोध पर तत्कालीन डीएम डा. राजशेखर ने खेल प्रोत्साहन निधि से एक लाख रुपये की सहायता की थी।