कांग्रेस को कमजोर करने वाले नेताओं से मेरा कोई लेना-देना नही:केएल शर्मा

केएल शर्मा का ऐलान,कांग्रेस से गद्दारी करने वाले नेता पार्टी छोड़ कर अन्य दल में चले जाएं

सांसद बोले,कांग्रेस नेता का भरपूर करूंगा सम्मान

सुलतानपुर(विनोद पाठक)। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने पार्टी को मजबूत करने की नसीहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दी। कहा कि जो पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहे हैं, ऐसे नेताओं से मेरा कोई नाता-रिश्ता नही। सांसद ने कड़े लहजे में कहा ऐसे नेता या तो अपनी अदत में सुधार लाएं या फिर पार्टी छोड़कर अन्य दल में चले जाएं तो बेहतर रहेगा। हम उस नेता की मदद करेंगे और आगे बढ़ाएंगे जो कांग्रेसी होगा।
मंगलवार को दुबारा मनोनीत किए गए जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी का शपथ ग्रहण समारोह कांग्रेस पार्टी मुख्यालय पर आयोजित किया गया था। जिसमे मुख्य अतिथि अमेठी सांसद केएल शर्मा रहे। सांसद किशोरी लाल शर्मा का भाषण कांग्रेस पार्टी के अंदर चल रहे गुट बाजी पर ही ज्यादा केंद्रित रहा। सांसद ने कहा कि विरोध हर नेताओं का होता है, पार्टी का नही। हमारा भी विरोध अमेठी में बहुत हुआ है,लेकिन मैंने कभी ऐसे नेताओं की आवाज को दबने नही दिया। मैं जानता था कि जब ऐसे नेताओं को शीर्ष नेतृत्व से मिलवाऊंगा तो खुलकर मेरा ही विरोध करेंगे। इसलिए वहां से मैं हट जाता था। पर,मैं हाई कमान से मिलवाता जरूर था। ऐसे नेता जब पार्टी के सुप्रीमो से मिल लेते थे तो तेज आवाज उनकी धीमी पड़ जाती थी। सांसद ने जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा और शहर अध्यक्ष को भी नसीहत दी कि ऐसे नेताओं के सम्मान में कोई कमी नही होनी चाहिए। पर, विरोध करने वाले नेता को भी दुगनी ताकत लगाकर अपने को पार्टी के लिए मजबूत साबित करना पड़ेगा। सांसद ने कहा कि पार्टी के अंदर गुट बाजी बड़ी बात नही। हर जिले में कई गुट होते हैं। इसका ये मतलब नही की आप पार्टी का विरोध करे। यदि ऐसे नेता पार्टी को कमजोर करने की बात कर रहे हैं, शीर्ष नेतृत्व के निर्देश को नही मानते तो कांग्रेस पार्टी छोड़ दे और अन्य दल में चले जाएं। गद्दार नेताओं से मेरा कोई नाता-सरोकार नही है। सांसद ने अभिषेक सिंह राणा को भी चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस का खाटी कार्यकर्ता या वर्कर है तो उसकी मदद करने के लिए मैं आपसे सलाह भी नही लूंगा। लेकिन सांसद ने फिर एक बड़ी बात कह डाली कि मुझसे मदद लेने वाला नेता कांग्रेसी होना चाहिए। कुछ नेताओं को सांसद ने सलाह दी कि पार्टी की बनाई गई गाइड लाइन पर चलें, अभिषेक सिंह राणा और शहर अध्यक्ष शकील अंसारी को दुबारा दायित्व कांग्रेस पार्टी ने सौंपा है। इस मौके पर पूर्व सीएम पुत्र प्रमोद मिश्र, पूर्व मंत्री डॉ ओम प्रकाश त्रिपाठी,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी,पूर्व प्रत्याशी लक्ष्मी कांत मिश्र,निकलेश सरोज,नपा पूर्व प्रत्याशी वरुण मिश्रा, पूर्व प्रभारी अनीस भाई, हौसिला भीम लालपद्मकर,सुब्रत सिंह सनी, पवन मिश्र कटावां, मोहित तिवारी, एडवोकेट कमर भाई,सरदार परमजीत,सभासद संजय कप्तान,एडवोकेट बलराम तिवारी, समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे। पूर्व एमएलसी डॉ ओपी त्रिपाठी ने जिलाध्यक्ष की जमकर सराहना की। कहा कि जिले में घुटने पर चल रही कांग्रेस पार्टी को पैर पर जिलाध्यक्ष ने खड़ा कर दिया है। निश्चित तौर पर दुबारा जिलाध्यक्ष बने अभिषेक सिंह राणा से पार्टी और मजबूती के साथ जिले में उभरेगी। हालांकि इस दौरान सांसद केएल शर्मा के कार्यक्रम एक गुट पार्टी कार्यालय पर आने से परहेज भी किया।

 

अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि बड़ी जंग जीतने के लिए छोटी जंग करना बहुत जरूरी होता है, इससे एक अलग तजुर्बा मिलता है। जो आगे चलकर मील का पत्थर साबित होता है। सांसद का कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सीधा इशारा आने वाली पंचायत चुनाव को लेकर था। सांसद ने बताया इस चुनाव का हारने-जीतने से पार्टी पर कोई फर्क नही पड़ने वाला है। लेकिन इतना जरूर है कि इससे हकीकत का भी पता चलेगा कि बूथ स्तर पर हम कितने मजबूत हैं, इस खामी को हम बड़े चुनाव में दूर कर सकते हैं। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि सामने जो पार्टी खड़ी है, चकमा देने वाली पार्टी है, उससे होशियार रहने की  जरूरत है। उन्होंने उपस्थित नेताओं को सलाह दी कि बूथ स्तर पर मजबूत होने की जरूरत है, जिससे कि चुनाव के परिणाम बेहतर आए।

 

 

अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने वाले बुजुर्ग कांग्रेसियों का सम्मान होना भी जरूरी है। यही लोग किशोरावस्था से लेकर अपनी जवानी कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए कुर्बान कर दी। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा को निर्देश दिया कि संगठन के साथ साथ जिले के वयोवृद्ध कांग्रेसजनों की भी बैठक हुई चाहिए, जिससे कि घर वालों को भी लगे कि बुजुर्ग नेताओं का हालचाल कांग्रेस पार्टी लेती हैं। इस दौरान सांसद ने बड़ी संख्या में आए वयोवृद्ध कांग्रेस नेताओं को माला पहनाकर और अंग वस्त्र देखर सम्मानित किया। सांसद के हाथों सम्मान पाकर बुजुर्ग कांग्रेसियों ने गर्व महसूस किया। कांग्रेस पार्टी ने मीडिया बंधुओं को गमछा देकर सम्मानित किया।

 

दुबारा मनोनीत जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वे कोई कोर कसर नही छोड़ेंगे। पहले भी संघर्ष किया गया है और आगे भी किया जाएगा। पार्टी की मजबूती के लिए खून पसीना बहाने में पीछे नही रहूंगा। पार्टी दुबारा जो जिम्मेदारी दी है, सोच समझ कर ही दी है। जिलाध्यक्ष को मलाल था कि विरोध करना है तो करिए। लेकिन पार्टी कार्यक्रम का नही। जिलाध्यक्ष ने उपस्थित कांग्रेस पार्टी के नेताओं से कहा कि यदि आधे से कम भी नेता हाथ उठाकर कह दें कि अभिषेक सिंह स्वीकार नही तो अभी तुरंत मैं इस्तीफा दे दूंगा। जिलाध्यक्ष ने दूर दराज से आए नेताओं और मुख्य अतिथि केएल शर्मा के प्रति आभार प्रकट किया।