तारिक रहमान के भारत दौरे पर सस्पेंस, राष्ट्रपति भवन ने नोटिस वापस लिया

नई दिल्ली (एजेंसी)। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की इस सप्ताहांत संभावित भारत यात्रा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से रहमान के नई दिल्ली दौरे के बारे में सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास इस संबंध में कोई नया अपडेट नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई जानकारी होगी, उसे साझा किया जाएगा।

यात्रा को लेकर असमंजस उस समय और बढ़ गया, जब राष्ट्रपति भवन ने शनिवार को होने वाले चेंज ऑफ गार्ड समारोह को रद्द करने से संबंधित अपना आधिकारिक नोटिस वापस ले लिया। पहले जारी सूचना में समारोह रद्द करने का कारण रहमान के औपचारिक स्वागत की तैयारियों और पूर्ण रिहर्सल को बताया गया था। इससे संकेत मिले थे कि बांग्लादेशी प्रधानमंत्री की यात्रा तय हो गई है, लेकिन बाद में राष्ट्रपति भवन ने उक्त सूचना वापस ले ली।

राष्ट्रपति भवन ने दोपहर में स्पष्ट किया कि शनिवार को चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होने संबंधी प्रेस विज्ञप्ति वापस ले ली गई है। राष्ट्रपति भवन में सामान्य तौर पर प्रत्येक शनिवार सुबह करीब 30 मिनट का यह सैन्य समारोह आयोजित किया जाता है। सरकारी अवकाश या राष्ट्रपति भवन के निर्देश पर इसे स्थगित किया जा सकता है।

खबरों के अनुसार, रहमान की भारत यात्रा 23 और 24 अगस्त को प्रस्तावित थी। दोनों देशों के बीच यात्रा की तैयारियों को लेकर कई दौर की कूटनीतिक बातचीत भी हो चुकी है। भारत ने रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के साथ नई दिल्ली में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया था।

शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर तनाव

रहमान की संभावित यात्रा ऐसे समय में चर्चा में है, जब भारत और बांग्लादेश के संबंधों में शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर तनाव बना हुआ है। 5 अगस्त को नई दिल्ली में हसीना के वर्चुअल मीडिया संवाद के बाद ढाका ने उनके प्रत्यर्पण की मांग दोहराई थी।

भारत ने इस कार्यक्रम से खुद को अलग करते हुए स्पष्ट किया था कि नई दिल्ली की इसमें कोई भूमिका नहीं थी और वह हसीना की टिप्पणियों का समर्थन नहीं करता। शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक छात्र प्रदर्शनों के बाद सत्ता से हट गई थीं और इसके बाद से भारत में रह रही हैं।