मायावती सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर, गेस्ट हाउस कांड से गठबंधन तक साधा निशाना

लखनऊ(निर्वाण टाइम्स)।। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती इन दिनों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगीं मायावती ने अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।बसपा मुखिया मायावती ने अपना एक बयान शनिवार को एक्स पर पोस्ट किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान पर बसपा प्रमुख मायावती ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे अमर्यादित, अशोभनीय और शर्मनाक बताते हुए अखिलेश यादव से रालोद, उसके नेता और दिवंगत चौधरी चरण सिंह के परिवार का अपमान करने के लिए जाट समाज से माफी मांगने की मांग की है।मायावती ने सपा पर सहयोगी दलों के साथ राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने और बाद में संबंध खत्म कर लेने का आरोप भी लगाया। बसपा मुखिया मायावती ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि सपा का चाल, चरित्र और चेहरा विरोधी दलों के साथ-साथ सहयोगियों के लिए भी राजनीतिक संकीर्णता और जातिवादी द्वेष से प्रभावित रहा है।स्टेट गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाते हुए मायावती ने सपा-बसपा गठबंधन का इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि बाद में अखिलेश यादव ने पुराने मतभेद दोबारा नहीं दोहराने का भरोसा देकर लोकसभा चुनाव में बसपा से गठबंधन किया, लेकिन चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने के बाद यह गठबंधन भी टूट गया।सपा प्रमुख राजनीतिक स्वार्थ के अनुसार पीडीए में ‘पी’ का अर्थ कभी पिछड़ा वर्ग तो कभी पंडित बताते हैं। मायावती ने दावा किया कि सपा पिछड़े वर्गों में अपनी जाति के अलावा अन्य पिछड़ी जातियों, अल्पसंख्यकों और खासकर ब्राह्मण समाज की हितैषी नहीं रही है।



