SITAPUR

सीतापुर में प्रशासनिक फेरबदल: अभिषेक आनंद बने आबकारी विभाग के विशेष सचिव

डॉ. राजा गणपति आर. संभालेंगे सीतापुर जिलाधिकारी का कार्यभार

निर्वाण टाइम्स
सीतापुर(ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत सीतापुर के जिलाधिकारी अभिषेक आनंद का स्थानांतरण कर दिया है। उन्हें आबकारी विभाग में विशेष सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
डॉ. राजा गणपति आर. 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से चेन्नई निवासी डॉ. गणपति ने एमबीबीएस (चिकित्सा में स्नातक) और एमपीए (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री) प्राप्त की है। चिकित्सा क्षेत्र से प्रशासनिक सेवा तक की उनकी यात्रा उल्लेखनीय रही है। वे इससे पहले सहायक मजिस्ट्रेट, संयुक्त मजिस्ट्रेट, मुख्य विकास अधिकारी और निदेशक (प्रशासन), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई नवाचार किए, जिसके चलते वे एक जनता-केंद्रित, संवेदनशील और कुशल प्रशासक के रूप में पहचाने जाते हैं। वहीं, अभिषेक आनंद का सीतापुर कार्यकाल विकासोन्मुखी और सक्रिय रहा। उन्होंने जिले में चक्रतीर्थ विकास परियोजना, नदी पुनर्जीवन अभियान, बाढ़ प्रबंधन और राजस्व कार्यों को गति दी। जनसुनवाई और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई। राज्य सरकार का यह निर्णय प्रशासन को और अधिक प्रभावी, गतिशील और जनहित उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. शीघ्र ही सीतापुर में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Alert: Content selection is disabled!!