प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षा गृह में किया संबोधित

बस्ती(ब्यूरों)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी गुरुवार को गोरखपुर क्षेत्र के दौरे के क्रम में पहली बार बस्ती जनपद में पहुंचे। क्षेत्रीय अध्यक्ष/ एमएलसी डा धर्मेंद्र सिंह व जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने जगह जगह जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने बस्ती पहुंचने के बाद सर्वप्रथम अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षा गृह में बस्ती, सिद्धार्थनगर व संत कबीर नगर जनपद की संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिले पदाधिकारी, क्षेत्र के पदाधिकारी, निकाय चुनाव के लिए पार्टी की तरफ से बनाए गए संयोजक शामिल हुए। इसके उपरांत तीनों जिलों के जनप्रतिनिधियों से भी प्रदेश अध्यक्ष रूबरू हुए। दोनों बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवारा, आगामी निकाय चुनाव और स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव की दृष्टि गत चर्चा की। कहा कि संगठन की ताकत की बदौलत जिस तरह विधानसभा चुनाव में भाजपा को सफलता मिली, उससे सपा समेत विपक्षी दल धराशाई हो गए। विधानसभा चुनाव में धूल चाटने के बाद सपा विधान सभा घेराव का ड्रामा कर रही है। उचित यह होता कि समाजवादी पार्टी के नेता अपना सवाल विधान सभा में उठाते। भाजपा सरकार को भी अपना पक्ष मजबूती से रखने का मौका मिलता। निकाय चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर प्राथमिक तैयारी शुरू करने पर जोर देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने और सपा के जन विरोधी मंसूबे को धूल चटाने के लिए संगठन के तपस्वी कार्यकर्ताओं को तैयार रहना चाहिए। कहा कि गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा का सशक्त संगठन है। यहां पार्टी के लिए अनुकूल माहौल है। जरूरत है कि कार्यकर्ता अपनी भूमिका के अनुकूल कार्य करें। क्योंकि निकाय चुनाव में बड़ी सफलता 2024 लोकसभा चुनाव के लिए अच्छा संदेश देने में सफल होगा। उन्होंने निकाय चुनाव की दृष्टि से परिसीमन कार्य, मतदाता सूची मतदान केंद्र व बूथ के साथ हर वार्ड के सामाजिक समीकरण को लेकर सजग रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने बस्ती सर्किट हॉउस पर जनप्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे, इसके लिए हर कोशिश करने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला ने किया। आभार सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष माधव गोविंद ने जताया। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेन्द्र सिंह चौधरी के पहली बार जनपद आगमन पर जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल के नेतृत्व में कार्यकताओं द्वारा सीमा के प्रारम्भ घघोंवा से विक्रमजोत, छावनी, हरैया, मुरादीपुर, संसारपुर, महराजगंज, कप्तानगंज, तिलकपुर, गोटवा, बड़ेवन पुल के निचे,पानी टंकी, कचहरी चौराहा, सर्किट हाउस तक जगह जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष/ एमएलसी डा धर्मेंद्र सिंह,
एमएलसी प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष विजयसेन सिंह, जिला प्रभारी अशोक सिंह, जिलाध्यक्ष संतकबीर नगर जगदम्बा श्रीवास्तव, जिला प्रभारी रामजीवान मौर्य, राजेंद्र तिवारी, अजय सिंह गौतम, पवन कसोधन, यशकांत सिंह,दयाशंकर मिश्र, गोपेश्वर त्रिपाठी, राधेश्याम कमलापुरी, दिपांशु विक्रम सिंह, अरविन्द श्रीवास्तव गोला, अशोक गुप्ता, विवेकनंद मिश्र, रामचरण चौधरी,चंद्रशेकर मुन्ना, अखंड प्रताप सिंह,प्रतुश विक्रम सिंह,आनंद सिंह,वीरेंद्र गौतम, अरविन्द चौरशिया, अभिषेक सिंह गोलू,जान पाण्डेय,विश्वनाथ गिरी आदि मौजूद रहे।