विकास ही पहचान, सदर जयसिंहपुर नहीं छोड़ेंगे विधायक राज बाबू

बोले जनता ने सर-आंखों पर बिठाया, अगला चुनाव भी यहीं से लड़ूंगा
सुलतानपुर(ब्यूरो)। क्षेत्र को विकसित मैंने किया है, इसलिए फसल कोई दूसरा काट ले यह संभव नहीं। सदर जयसिंहपुर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय उर्फ राज बाबू ने बुधवार को यह ऐलान करते हुए साफ कर दिया कि वे अपनी विधानसभा छोड़ने वाले नहीं हैं।
विधायक ने कहा कि सदर जयसिंहपुर की टूटी-फूटी और जर्जर सड़कों को उन्होंने नई चमक दी है। जो सड़कें बची हैं, वे दिसंबर-जनवरी तक शीशे की तरह चमचमाती मिलेंगी। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कोई आरोप लगाने की गुंजाइश ही नहीं है, चौकीदारी वे खुद कर रहे हैं। राज बाबू ने दावा किया कि उनकी सादगी और ईमानदारी के साथ कराए गए विकास कार्यों ने जनता का दिल जीत लिया है। जनता ने मुझे सिर आंखों पर बिठा लिया है। अब मैं यहीं का होकर रह गया हूं, कहीं और जाने का सवाल ही नहीं।विधायक ने बताया कि क्षेत्र के पौराणिक स्थलों का करोड़ों रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण कराया गया है। इससे न सिर्फ क्षेत्र की आस्था को नई ऊँचाई मिली है बल्कि पर्यटन की संभावनाएं भी जगी हैं।
उन्होंने कहा कि असहाय और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से बड़े पैमाने पर मदद दिलाई गई है। योगी सरकार इलाज को लेकर गंभीर है, पैसे की कोई कमी नहीं। जरूरतमंद सीधे मुझसे मिल सकता है।
अंत में विधायक ने अटकलों पर विराम लगाते हुए दोहराया कि सदर जयसिंहपुर विधानसभा पूरे प्रदेश में शुभ सीट है। जिस पार्टी का विधायक यहां से जीतता है, उसी की सरकार बनती है। अगला चुनाव भी यहीं से, इसी सिंबल पर लड़ा जाएगा।