तेंदुए के हमले में महिला घायल गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

मोतीपुर-बहराइच(मदन पोरवाल) जिले के कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत निशान गड़ा रेंज के रामपुरवा मटेही के मजरा नवीन पुरवा निवासी इंदूदेवी पत्नी राजू उम्र लगभग 40 वर्ष शनिवार सुबह 6:30 बजे अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। तभी अचानक घात लगाए तेंदुए ने उनके गर्दन पर हमला कर दबोच लिया। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुन आसपास के ग्रामीण बचाने दौड़े। शोरगुल सुन तेंदुआ महिला को घायल अवस्था में छोड़ खेत की तरफ भाग गया। घटना की सूचना परिजनों ने वन विभाग को दी। लेकिन काफी देर तक तक वन विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। घायल अवस्था में ही परिजनों ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को जिला अस्पताल बहराइच रिफर कर दिया गया।