जौनपुर : चोरों ने तीन दुकानों को बनाया निशाना, नकदी सहित हजारों की चोरी

दो और दुकानों में सेंधमारी का असफल प्रयास

खुटहन/जौनपुर(आशीष श्रीवास्तव)। पटैला बाजार स्थित तीन दुकानों से शनिवार की रात चोरों ने सेंधमारी व ताला तोड़कर नकदी सहित हजारों का माल पार कर दिया। दो और दुकानों में सेंधमारी का असफल प्रयास भी किया गया। लोगों के जाग जाने की आहट पाकर चोर फरार हो गए। तीनों पीड़ित दुकानदारों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।

मखदूमपुर गांव निवासी सुभाष चन्द्र निगम की सब्जी मंडी में एसबीआई की मिनी शाखा संचालित है। नित्य की भांति वे शाम को अपनी शाखा बंद कर घर चले गए। रात में दरवाजे का ताला तोड़ घुसे चोर साढ़े आठ हजार नकदी, स्टेब्लाइजर और लैपटॉप उठा ले गये। इसी के बगल तिराहे पर राजेश कुमार की कपड़े की दुकान संचालित है। जिसके पीछे से दीवार मे सेंधमारी कर चोर 15 हजार नकदी और कीमती कपड़े पार कर दिए। इसी के बगल बब्लू सोनी और बब्लू गुप्ता की दुकान में भी सेंधमारी कर दीवार का कुछ हिस्सा चोरों ने काट दिया। यहां लोगों के जाग जाने से चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाये। जाते जाते हौसला बुलंद चोर कल्लू गुप्ता के बरामदे खड़ी साइकिल और पंखा समेट ले गये। थाना क्षेत्र की यह बाजार कभी पशु तस्करी तो कभी लूट व चोरी की घटनाओं को लेकर हमेशा सुर्खियो में रही है। इधर कई माह से काफी हद तक शांति चल रही थी। एक बार फिर एक ही रात पांच दुकानों को चोरों के द्वारा निशाना बना दिये जाने से सभी ब्यवसायियो में दहशत ब्याप्त हो गई है। दुकानदारों ने बताया कि यहां अक्सर चोरी और लूट की बड़ी घटनाएं होती रही है। वर्षो पूर्व बाजार में असलहे के बल पर एक आभूषण ब्यवसायी से दिन दहाड़े लूट का प्रयास हुआ था। जिसमें ब्यवसायी गुड्डू सोनी ने अपने साहस के दम पर हमलावरो का मुकाबला कर लूट के प्रयास को असफल कर दिया था। इस घटना को उच्चाधिकारियो ने संज्ञान में लेकर यहां चौबीस घंटे पिकेट ड्यूटी का आदेश दिया था। यहां तक कि उक्त ब्यवसायी को पुलिस सुरक्षा भी मुहैया करा दी गई थी। लेकिन ज्यो ज्यो समय बीतता गया। पुलिस फिर से वही ढुलमुल रवैया अपनाना शुरू कर दिया। उसी का नतीजा अब फिर से सामने आने लगा है।