Uncategorized

Jaunpur/चोरी की बाइक-अवैध पिस्टल के साथ तीन गिरफ्तार

✍️हिमांशु श्रीवास्तव

दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मुकदमे

जौनपुर। जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लाइनबाजार थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध असलहे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के पर्यवेक्षण में लाइनबाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान अविनाश कुमार निवासी चौरा डगरा, थाना केराकत, शैलेश यादव निवासी पतौरा, थाना केराकत और रमन यादव निवासी चकमोलनापुर, थाना बक्शा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ लाइनबाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 445/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
कई मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास में पहले से कई मुकदमों का उल्लेख है। शैलेश यादव के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने का विवरण दिया गया है। वहीं, अविनाश कुमार और रमन यादव के खिलाफ भी पूर्व के मुकदमों का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में लाइनबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत राय, उपनिरीक्षक पंकज सिंह, अनिल राय, आदिल हुसैन खां, राजेश राम तथा हेड कांस्टेबल उमेश यादव, गौरव सिंह और आरक्षी सन्नी कुमार गोंड़ शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button