बुलडोजर के डर से नागरिक सरेंडर कर रहे राशन कार्ड,बंद किया जाए उत्पीड़न : राणा
सुल्तानपुर(निसार अहमद)।कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष ने योगी के बुलडोजर को निशाने पर लेते हुए व्यवस्था पर करारा प्रहार किया है उन्होंने कहा कि बुलडोजर के डर से लोग राशन कार्ड सरेंडर कर दे रहे हैं। इस तरह का भय का माहौल नागरिकों में व्याप्त नहीं होना चाहिए।कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे।इस दौरान उन्होंने राशन कार्ड सरेंडर कराए जाने के कार्यक्रम का खुला विरोध किया। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के साथ सभासद राजदेव शुक्ल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल हुए। बुधवार के इस प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र चतुर्वेदी,एसडीएम सदर सीपी पाठक और नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर जमा थे।इस दौरान प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट आवागमन के लिहाज से प्रभावित रहा।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गिरफ्तारी वैन भी पुलिस विभाग की तरफ से खड़ी की गई थी।प्रदर्शनकारियों ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि कौन पात्र है और कौन अपात्र है।बुलडोजर से हमारा घर गिरा दिया जाएगा इस भय से लोग राशन कार्ड सरेंडर कर दे रहे हैं। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि यह सब हमारी जानकारी में नहीं है उनका यह बयान झूठा है।हमारे कई मित्र प्रधान हैं,जो बताते हैं कि ऐसा फरमान नागरिकों को सुनाया जा रहा है। सरकार का यह बेहद गलत कदम है। कांग्रेस पार्टी इसकी निंदा करती है। इसी के संदर्भ में आज हम कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने आए हैं।