मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी बढ़ने की आशंका को लगे पंख

मिहींपुरवा-बहराइच(सं.)।नगर में इस समय मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है। जिसके कारण लोग चैन की नींद नहीं सो पाते हैं। असमय हुई बरसात के कारण जगह जगह जलभराव हो जाने से मच्छरों की संख्या में एकाएक वृद्धि हो गई। जिसके कारण मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों के बढ़ जाने की प्रबल संभावना है।
अचानक हुई मच्छरों की वृद्धि ने लोगों को रात रात भर जागने के लिए विवश कर दिया है। मच्छरों की वृद्धि के कारण सर्वाधिक परेशानी महिलाओं और छोटे बच्चों को हो रही है। ऐसी स्थिति में बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इस संदर्भ में उद्योग व्यापार मंडल मिहींपुरवा के अध्यक्ष अतुल चौधरी द्वारा स्वास्थ्य विभाग से मांग की गई है कि मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग तत्काल संज्ञान ले और फागिंग करवाएं जिससे मच्छरों से आम नागरिकों को निजात मिल सके। अन्यथा भीषण बीमारियों की चपेट में आने की प्रबल संभावना बनी हुई है।