बांकेबिहारी की नगरी से शिवपाल का चुनावी शंखनाद

लखनऊ(निर्वाण टाइम्स)।उत्तर प्रदेश में भाजपा की मौजूदा सरकार के खिलाफ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने चुनावी शंखनाद कान्हा की नगरी से किया। मंगलवार को प्रसपा प्रमुख ने ठाकुर बांकेबिहारी भगवान का आशीर्वाद लिया और सामाजिक परिवर्तन रथ से प्रदेश की जनता को जागरूक करने निकले।प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की मौजूदा सरकार के खिलाफ अभियान छेड़ने के लिये कान्हा की नगरी को चुना है। मंगलवार को ठाकुर बांकेबिहारी मन्दिर में पूजा अर्चना के उपरांत श्री यादव सामाजिक परिवर्तन रथ पर सवार होने के लिए निकले। श्री बांकेबिहारी मंदिर के द्वार पर एक सौ एक ब्राह्मणों ने शंखनाद कर शिवपाल यादव को आशीर्वाद दिया। इसके बाद मथुरा मार्ग स्थित सौ शैया अस्पताल के समीप कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करने के लिए शिवपाल निकल गए। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद रथ में सवार होकर मथुरा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से आगरा के लिये रवाना होंगे। रथयात्रा शुभारंभ से पहले शिवपाल ने सपा के साथ गठबंधन पर कहा, राजनीति में सम्भावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। गठबंधन की कोई अंतिम तिथि नही होती। कहा प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सामाजिक परिवर्तन यात्रा शुरू कर रहे हैं। जो पूरे प्रदेश में घूमेगी। कहा, अब समय आ गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंका जाये। कहा कि राजनीति अपार सम्भावनाओं का क्षेत्र है। हमने बांके बिहारी के चरणों में दंडवत करते हुए अपने चुनावी रथ यात्रा का शंखनाद किया है। परिवर्तन यात्रा के नाम से पूरी यूपी में निकाली जा रही है।उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में सभी दरवाजे खुले होते हैं गठबंधन को लेकर के आगे निर्णय लिया जाएगा।