जिलाध्यक्ष का बड़ा ऐलान,सुभासपा बनेगी जीत का पहलवान

जिला प्रभारी बोले,पंचायत चुनाव में सुभासपा कराएगी जिले में ताकत का एहसास
बड़ा टारगेट लेकर चल रही है पार्टी
सुलतानपुर(विनोद पाठक)। सुभासपा की समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों की क्लास लगी। द्रोणाचार्य की भूमिका में जिला प्रभारी रहे। पदाधिकारियों को फटकार के साथ पुचकारा-दुलारा भी गया। शिकायत सुनी गई,जिस पर सुझाव भी दिया गया। मुख्य एजेंडे पंचायत चुनाव पर चर्चा भी हुई। खामियों को दूर करने की पहल की गई। लक्ष्य निर्धारित किया गया। अर्थात देखन में छोटे लगएँ, घाव करें गंभीर की कहावत को यथार्त करने की कवायद। मसलन कि सभी जिला पंचायत सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति की तरकीब पर अमल। जिससे जिला पंचायत की कुर्सी पर सुभासपा काबिज हो सके। ऐसे कई बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा हुई।
शनिवार को नगर से सटे एक मैरिज लान में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की मासिक बैठक पार्टी के जिला अध्यक्ष विनीत सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश के महासचिव/जिला प्रभारी डॉ रविकांत प्रजापति रहे। समीक्षा बैठक में एक-एक कार्यकर्ताओं/पदाधिकरियों की बात सुनी गई । आई शिकायतों के निस्तारण का भरोसा भी दिया गया।अब तक जो शिथिलता रही, उसका पटाक्ष भी किया गया। जिला प्रभारी शिक्षक की भूमिका में दिखे। मौजूद पदाधिकारियों को संगठन के मजबूती का “ककहरा” पढ़ाया। इस दौरान लफ्ज़ तीखे दिखे,भौंह भी तनी। पर, पुचकारा और दुलारा भी। जिला पंचायत चुनाव जीतने के “टिप्स” भी दिए। बयां किया कि पार्टी के मूल मंत्र पर कार्य किया गया तो निश्चित तौर पर आप और पार्टी के विकास में पंख जरूर लगेंगे। पर,यह सम्भव तभी है, जब शिथिलता का त्याग किया जाए। संघर्ष ही एक ऐसा रास्ता जो लक्ष्य की प्राप्ति करा सकता है। पदाधिकारियों को उनकी शक्ति को याद दिलाने का प्रयास किया गया, यानि कि “कवन सो काज कठिन जग माही”….। आदि बिंदुओं पर जोदार चर्चा कर जिला प्रभारी ने संगठन को मजबूत करने की वकालत की। मिली खामियों को दूर करने का निर्दश दिया। जिलाध्यक्ष विनीत सिंह ने अपने सहयोगियों की बात को सुना। सारी समस्यों को दूर करने की बात कही। कहा कि पंचायत के चुनाव में सुभासपा तभी निर्धारित टारगेट को साध पाएगी,जब एक बूथ,10 यूथ सुभासपा के होंगे। इस पर काम करने की जरूरत है। जिला पंचायत चुनाव में कूदने से पहले जिलाध्यक्ष ने विधानसभा वार अपने मजबूत घोड़ों का बेड़ा लगा दिया है। अर्थात चुनाव प्रभारियों को नियुक्त कर दिया है,जो “चौहद्दी” घेर कर चुनावी माहौल को “गुलाबी” बनाएंगे। फिलहाल आज की सम्पन्न हुई समीक्षा बैठक का मुख्य मुद्दा पंचायत चुनाव और संगठन के मजबूती को लेकर रहा। समीक्षा बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश शर्मा,जिला प्रमुख महासचिव संतोष राणा,जिला संगठन मंत्री मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव प्रभारी बनाए गए लंभुआ से मनोज शर्मा,कादीपुर रामरतन,पंकज राजभर,जयसिंहपुर अखिलेश शर्मा के साथ विक्रांत दूबे, सुलतानपुर में संतोष राणा,प्रदीप पीटर को प्रभारी बनाया गया है।
समीक्षा बैठक के दौरान बारा-बंजारा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए विनोद सिंह राणा के साथ पूर्वांचल के नव नियुक्त महासचिव उमानाथ मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा का कार्यकर्ताओं/पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार हुआ। नव नियुक्त दोनों प्रदेश स्तरीय नेताओं ने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा और विश्वास उन पर जताया है, उस पर तन,मन,धन से खरे उतरे कर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
बारा समाज के बड़े नेता पिछली कमेटी में जिला उपाध्यक्ष रहे विनोद राणा का कांग्रेस पार्टी से मोहभंग हो गया। राहुल गांधी का साथ छोड़ने से पहले सूबे के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का हाथ पकड़ लिया। बाद में दूसरे दिन लंबे अरसे से कांग्रेस की राजनीति कर रहे विनोद राणा अलविदा कर दिया। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा को अपना इस्तीफा सौंप दिया।आरोप लगाया कि बारा-बंजारा समाज के लिए कांग्रेस पार्टी ने कुछ नही किया। बारा-बंजारा के उत्थान के लिए सुभासपा कार्य कर रही है, यही वजह है कि सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिभा को पहचाना और बारा-बंजारा समाज प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया,उनका शुक्रगुजार हूं।