सुल्तानपुर में दबंगों ने 2 युवकों को मारी गोली

मजदूरी कर बाइक से लौट रहे थे घर
गंभीर हालत में दोनों ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर
सुल्तानपुर।शनिवार देर शाम मजदूरी कर घर लौटते समय बाइक सवार 2 मजदूरों को दबंगों ने गोली मार दिया। डायल 112 की टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया है। यहां से भी डॉक्टरों ने दोनों मजदूरों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया है।घटना की सूचना मिलते ही SP सोमेन वर्मा मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जानकारी के अनुसार कुड़वार थानाक्षेत्र के कोहड़िया गांव निवासी धर्मेंद्र निषाद (35) पुत्र राम सूरत व अर्जुन निषाद (21) पुत्र राम लेवट मजदूरी करके बाइक से घर लौट रहे थे। अभी दोनों मजदूर थानाक्षेत्र के लाला का पुरवा गांव के पास पहुंचे थे कि घात लगाकर बैठे दबंगों ने उन पर फायर झोक दिया। गोली लगते ही दोनों मजदूर बाइक से गिर पड़े। तो दबंग हमलावर हवा में फायर झोंकते हुए फरार हो गए। इस बीच स्थानीय लोगों ने डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने देखा कि धर्मेंद्र के पेट में गोली लगी है और अर्जुन के हाथ में गोली लगी है। ऐसे में डॉक्टरों ने फस्ट एड करके दोनों मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।यहां पहुंचने पर उक्त दोनों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही एसपी सोमेन वर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। गहनता के साथ जांच कर पुलिस अधिकारियों ने लोगों के बयान दर्ज करवाए। एसपी ने बताया कि घटना पुरानी रंजिश को लेकर अंजाम पाई है। परिवार वालों की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जायेगा। आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिये जायेंगे।