सांसद के गृह जनपद को भी प्रदेश महिला प्रकोष्ठ में मिली तवज्जो

प्रदेश सचिव की पत्नी बनी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष
जिले की पूनम श्रीवास्तव को बनाया गया उपाध्यक्ष
पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व को दी बधाई
जिला अध्यक्ष महमूद खान बोले पार्टी को मिलेगी मजबूती
सुलतानपुर(विनोद पाठक)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के गृह जनपद को भी तवज्जो प्रदेश महिला कमेटी में दी गई है। “आप” महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने जिले से लेकर दिल्ली तक “आप” की राजनीति में सक्रिय रहने वाली महिला नेता पूनम श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने जो 20 फरवरी को छह महिला पदाधिकारियों की सूची जारी की है,उसमें महिला पदाधिकारियों में पूनम श्रीवास्तव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूनम श्रीवास्तव के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए बधाई दी है।
गौरतलब हो कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का सुलतानपुर गृह जनपद है। इस नाते पार्टी में सक्रिय राजनीति करने वाले महिला हो या पुरुष कहीं न कहीं प्रदेश से लेकर ऊपर तक तरजीह दी जाती है। 20 फरवरी को आम आदमी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीलम यादव ने प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों की जो सूची जारी की है, उसमें पूनम श्रीवास्तव को प्रदेश उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है। पूनम श्रीवास्तव सुलतानपुर जिले के चर्चित नेता अजीत श्रीवास्तव उर्फ़ टेनी जो आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव हैं, उनकी पत्नी है। “आप” की राजनीति में सक्रिय रहने वाली पूनम श्रीवास्तव का कद इसलिए बढ़ाया गया है कि पूनम श्रीवास्तव के जरिए प्रदेश की महिला विंग को और मजबूत करना है। पूनम श्रीवास्तव का कहना है कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है,उसे बखूबी निभाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए मजबूती से काम करने के साथ-साथ महिलाओं को जोड़ने का काम किया जाएगा। जिससे महिला प्रकोष्ठ और मजबूत हो सके। पूनम श्रीवास्तव के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए बधाई दी है।
तेज तर्रार ज्योति उपाध्याय बनी “आप” की महिला जिला अध्यक्ष
सुलतानपुर जनपद में आम आदमी पार्टी की महिला बिंग को और मजबूत करने के लिए महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशअध्यक्ष नीलम यादव गंभीर ही नहीं है, बल्कि अमलीजामा पहनाने के लिए महिला जिला अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। विधानसभा से राजनीति की शुरुआत करने वाली एवं जिले की महिला प्रकोष्ठ में अपना उपाध्यक्ष के पद पर स्थान बनाने में कामयाब होने वाली ज्योति उपाध्याय का भी कद महिला प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ा दिया है। 20 फरवरी को आम आदमी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने सूची जारी की है, उसमें जिले की तेज तर्रार महिला नेताओं में शुमार ज्योति उपाध्याय को जिला महिला अध्यक्ष बनाया गया है। ज्योति उपाध्याय के महिला जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी के ढेर सारे नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए बधाई दी है। वही प्रदेश सचिव अजीत श्रीवास्तव एवं जिला अध्यक्ष महमूद खान ने कहा है कि दोनों महिला नेताओं को जो जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व ने सौंपी है, निश्चित तौर पर प्रदेश और जिले की महिला विंग बहुत ही मजबूत होगी। इसके लिए शीर्ष नेतृत्व बधाई का पात्र है।