National
विजय सिन्हा बोले-बिहार में केंद्र का हस्तक्षेप जरूरी

पटना(एजेंसी)।राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अराजकता का माहौल है। विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। गुंडा और माफिया का राज कायम हो गया है। ऐसे में केंद्र सरकार का हस्तक्षेप करना जरूरी हो गया है।परिसदन में सोमवार को प्रेसवार्ता में विजय सिन्हा ने कहा कि 25 फरवरी को वाल्मीकिनगर आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने वे बिहार की बिगड़ती कानून व्यवस्था का मामला रखेंगे। उन्होंने पिछले दिनों कांटी में हुई युवक की हत्या में राज्य के आइटी मंत्री इजराइल मंसूरी के शामिल होने का भी आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि हत्या में मंत्री के शामिल होने के कारण राज्य की पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती। इसलिए इसकी सीबीआइ से जांच होनी चाहिए।नेता प्रतिपक्ष ने रविवार को पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना समेत अन्य जिलों में हो रही हत्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में जंगलराज फिर कायम हो गया है। हत्या, लूट, रंगदारी, गुंडागर्दी और माफियागिरी चरम पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धृतराष्ट्र की तरह आंख बंद किए हुए हैं, मगर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। सड़क से लेकर विधानमंडल तक मामले को उठाएगी।उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों को निष्पक्ष तरीके से काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सत्ता आएगी तो गड़बड़ी करने वाले पदाधिकारियों की भी फाइल खुलवाई जाएगी।भाजपा नेता ने बिहार में शराबबंदी को पूरी तरह फेल बताया। उन्होंने कहा कि इससे माफियातंत्र मजबूत हो गया। साथ ही युवा व्हाइट नशे का अलग से शिकार हो गया। मुख्यमंत्री को शराबबंदी लागू कराने के तरीके को लेकर चेतावनी दी थी, मगर उन्होंने नहीं माना। नतीजा सामने है। बालू, दारू के साथ राज्य में व्हाइट जहर का गैंग हावी हो गया है। भाजपा सत्ता में आई तो शराबबंदी की जगह पूर्ण नशाबंदी कराएगी।विजय सिन्हा ने कहा कि मंत्री को बर्खास्त करने के लिए भाजपा विधानमंडल में मामला उठाएगी। उन्होंने सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार कोई निर्णय नहीं लेती है तो 23 फरवरी से भाजपा आंदोलन करेगी। सत्ता और पुलिस-प्रशासन के हाथों पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए समाहरणालय पर धरना दिया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, कुढ़नी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।